आईपीएल फाइनल से पहले बीसीसीआई का एक और फरमान
May 29, 2026
आईपीएल के इस सीजन में अब केवल दो ही मैच और बचे हैं। आज शाम यानी शुक्रवार को क्वालीफायर 2 खेला जाएगा, इसके बाद रविवार को फाइनल मुकाबला होगा। आरसीबी की टीम पहले ही फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है, आज जीत दर्ज करने वाली टीम फाइनल में जाएगी। इस बीच अचानक बीसीसीआई की ओर से टीमों और मैच अधिकारियों के लिए एक नया फरमान जारी किया गया है। दरअसल मैच के दौरान अब स्मार्ट सनग्लास नहीं पहने जा सकेंगे, इस पर रोक लगा दी गई है।
इंडियन प्रीमियर लीग के मैचों के दौरान मैच अधिकारी और खिलाड़ी अब स्मार्ट सनग्लास का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। ऐसा बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट की ओर से दिए गए सुझाव के बाद किया गया है। इस बारे में एक एडवाइजरी टीमों को जारी कर दी गई है। इसमें कहा गया है कि कुछ कंपनियां प्लेयर्स और सपोर्ट स्टॉफ को स्मार्ट सनग्लास दे रही हैं। दरअसल ये स्मार्ट सनग्लास एडवांस्ड कम्यूनिकेशन फीचर्स से लैस होते हैं। इसमें लाइव स्ट्रीमिंग, टेक्स्ट मैसेज भेजना और पाना आसान होता है। इतना ही नहीं, ये मोबाइल डाटा और वाईफाई से लैस होते हैं। इनके जरिए कॉलिंग भी की जा सकती है। इसलिए मैच के दौरान इन्हें नहीं पहना जा सकेगा।
आपको याद दिला दें कि राजस्थान रॉयल्स के रोमी भिंडर एक मैच के दौरान डगआउट में बैठकर फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े गए थे। वे कैमरे में कैद हो गए थे। इसके बाद उन पर एक लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई गई और साथ ही चेतावनी भी दी गई थी। अब कहा गया है कि जब खिलाड़ी मैच के लिए जाएंगे तो अपने फोन के साथ स्मार्ट सनग्लास भी जमा करेंगे। जो भी इसे नहीं मानेगा, उस पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।
इससे पहले भी इस तरह की खबरें आई थी कि कुछ प्लेयर्स के परिवार वाले और जान पहचान वाले होटल तक पहुंच जा रहे थे। इससे हनी ट्रेपिंग का खतरा बन गया था। इसकी जानकारी के बाद इस पर रोक लगा दी गई थी। साथ ही खिलाड़ी बिना परमीशन के देर रात कहीं जा नहीं पाएंगे, ये भी कहा गया था। हालांकि ये पता नहीं चल पाया है कि क्या कहीं पर किसी और नियम का उल्लंघन हुआ है, लेकिन बीसीसीआई अपनी ओर से सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने में लगी है।

