दिल्ली के कालकाजी में पानी का संकट! जल बोर्ड की सप्लाई प्रभावित होने से लोग परेशान
April 04, 2026
दिल्ली में तापमान बढ़ने के साथ ही जल संकट ने भी दस्तक दे दी है. अभी गर्मी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है, लेकिन कई इलाकों में लोगों को पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा है. दिल्ली जल बोर्ड की सप्लाई प्रभावित होने से लोग परेशान हैं और शिकायतों के बावजूद राहत नहीं मिल पा रही है. ऐसे में लोगों को मजबूरी में महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं.
दिल्ली के हाई प्रोफाइल कालकाजी इलाके के K ब्लॉक में पिछले एक सप्ताह से ज्यादा समय से नलों में पानी नहीं आ रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, शुरुआत में जल बोर्ड की ओर से मरम्मत कार्य का हवाला देते हुए 1-2 दिन में समस्या ठीक होने का आश्वासन दिया गया था. लेकिन छह दिन बीत जाने के बाद भी जब पानी नहीं आया तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने उच्च अधिकारियों और स्थानीय विधायक तक से संपर्क किया, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है.
स्थानीय निवासी मनोज कक्कड़ ने बताया कि जल बोर्ड अधिकारियों ने कालकाजी मंदिर के पास मरम्मत कार्य चलने की बात कही थी. इसी वजह से पानी की सप्लाई बाधित होने का दावा किया गया. हालांकि, तय समय के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
सुभाष गेरा ने बताया कि उनके घरों में पानी की एक बूंद तक नहीं आ रही है. पीने का पानी उन्हें बाजार से खरीदना पड़ रहा है. वहीं, नहाने और घरेलू कामों के लिए भी पानी का इंतजाम करना मुश्किल हो गया है.
इलाके की महिलाओं का कहना है कि घर के रोजमर्रा के काम से लेकर खाना बनाने तक हर चीज के लिए पानी जरूरी है. बच्चों को स्कूल भेजना और परिवार के अन्य सदस्यों का ऑफिस जाना भी मुश्किल हो गया है. पानी की कमी के कारण पूरा दिनचर्या प्रभावित हो रही है.
अमित सोनी ने कहा कि पानी जीवन का आधार है और इसके बिना कोई भी काम संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि खाना न मिले तो भी कुछ समय गुजारा हो सकता है, लेकिन पानी के बिना जीवन ठहर जाता है. ऐसे में लोग खुद को बेहद असहाय महसूस कर रहे हैं.
आशीष भारद्वाज ने चिंता जताते हुए कहा कि अभी तो गर्मी की शुरुआत है और यह हाल है. अगर आगे तापमान और बढ़ा तो हालात और भयावह हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि पानी की समस्या को लेकर लोग अभी से डरने लगे हैं.
