अनंतनाग में ड्रग नेटवर्क से बनाई गईं संपत्तियों पर एक्शन, चला बुलडोजर
April 29, 2026
जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग पुलिस ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर, नेशनल हाईवे-44 के किनारे नशीले पदार्थों के तस्करों की करोड़ों रुपये की अवैध संपत्तियों को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह कदम ड्रग नेटवर्क के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत उठाया गया, जिसका उद्देश्य अवैध नशीले पदार्थों के व्यापार से अर्जित संपत्तियों को निशाना बनाना है।
ढहाई गई इमारतों की पहचान ऐसी संपत्तियों के रूप में की गई थी, जिन्हें ड्रग नेटवर्क की तस्करी से होने वाली कमाई से बनाया गया था। एक अधिकारी के मुताबिक, पुलिस और अधिकारियों की तरफ से यह संयुक्त अभियान उचित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए चलाया गया; इसका मकसद जिले में नशीले पदार्थों के तस्करों के वित्तीय नेटवर्क की कमर तोड़ना है।
पुलिस ने जनता से मदद करने और लोगों से जानकारी शेयर करने की अपील की है, ताकि समाज से इस ड्रग नेटवर्क और इसके फैलने के खतरे को पूरी तरह से खत्म करने में मदद मिल सके। अनंतनाग से आए वीडियो में साफ दिख रहा है कि अवैध बिल्डिंग और दुकानों पर पीला पंजा गरजा। जो प्रॉपर्टी अवैध तरीके से ड्रग नेटवर्क के पैसे से बनाई गई थी, उन्हें बुलडोजर की मदद से ढहा दिया गया।
गौरतलब है कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की तरफ से नशा मुक्ति जम्मू-कश्मीर मुहिम की शुरुआत और 100 दिन में ड्रग नेटवर्क को खत्म करने के संकल्प के तहत पुलिस और प्रशासन की ड्रग नेटवर्क के खिलाफ ऐसी सख्ती देखी जा रही है। ड्रग नेटवर्क से जुड़े लोगों को पता लगाया जा रहा है। उनको गिरफ्तार किया जा रहा है और साथ ही, उनकी अवैध प्रॉपर्टी पर भी एक्शन लिया जा रहा है।
