गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तराखंड में आज भारी बारिश का अलर्ट
July 01, 2025
देश के कई राज्यों में हो रही रिकॉर्ड तोड़ बारिश काल बनकर बरस रही है। नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, सड़कें समंदर बन गई हैं और लैंडस्लाइड की वजह से कई सड़कें बंद हैं। वहीं आज भी मौसम विभाग (IMD) ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। साथ ही कई इलाकों में लैंडस्लाइड का भी खतरा है। इसके अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश की चेतावनी है। IMD की मानें तो अगले 48 घंटे में मानसून अपना रौद्र रूप दिखा सकता है। वहीं, दिल्ली-NCR,पंजाब और राजस्थान में भी बारिश का अलर्ट है।
आज दिल्ली में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने की संभावना है। 2 जून को दिल्ली में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। आंधी और बिजली के साथ हल्की बारिश होगी। दिल्ली में 3 से लेकर 5 जुलाई तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। आंधी-बिजली के साथ हल्की बारिश की भी संभावना है।
1 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में अनेक स्थान पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। पश्चिमी यूपी में जहां भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है वहीं पूर्वी यूपी में भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। IMD के मुताबिक आज हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और उसके आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर और कानपुर देहात में भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं। इसी तरह कानपुर नगर, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में बारिश और बादल फटने से भारी तबाही हुई है। सबसे ज्यादा नुकसान उत्तरकाशी के गंगोत्री-यमुनोत्री रूट पर ही हुआ है जहां नेशनल हाईवे पर जगह-जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं हो रही है। इसे देखते हुए उत्तरकाशी, यमुनोत्री, गंगोत्री में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद SDRF ने अनाउंसमेंट करके लोगों को आगाह किया और लोगों को बीच नदी में नहीं जाने की चेतावनी दी गई।
मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर समेत कुल 9 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, गंगोत्री और यमुनोत्री नेशनल हाईवे के कई हिस्सों में लैंडस्लाइड और मलबा गिरने से रास्ते पूरी तरह बंद हैं।