पीलीभीतः रानी अहिल्याबाई होलकर जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति अभियानरू भाजपा 20 से 31 मई तक करेगी विविध आयोजन
May 19, 2025
पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी रानी अहिल्याबाई होलकर की जन्म त्रिशताब्दी वर्ष की स्मृति में 20 मई से 31 मई तक जिलेभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। यह अभियान प्रदेशव्यापी स्तर पर मनाया जा रहा है।भाजपा द्वारा आयोजित इस स्मृति अभियान के तहत बालिकाओं के लिए दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही माता अहिल्याबाई होलकर के जीवन पर आधारित एक संगोष्ठी जिला भाजपा कार्यालय पर आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले के शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता, व्यापारीगण एवं अन्य प्रबुद्धजन शामिल होंगे। भाजपा संगठन से सभी जिला पदाधिकारी, मोर्चा, प्रकोष्ठ, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी संगोष्ठी में भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त, जिला भाजपा कार्यालय पर माता अहिल्याबाई होलकर के जीवन पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे आमजन इस प्रेरणादायी व्यक्तित्व से परिचित हो सकें।
इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सोमवार को बरखेड़ा विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद के आश्रम पर एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रणनीति तय की गई तथा स्वामी प्रवक्तानंद से आशीर्वाद प्राप्त किया गया।भाजपा जिला संगठन द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि रानी अहिल्याबाई के जीवन पर आधारित कार्यक्रम नगर पालिका, नगर पंचायत और ब्लॉक स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंच सके।
अभियान के जिला संयोजक भाजपा जिला महामंत्री अमित अग्रवाल हैं, जबकि सह-संयोजक के रूप में रेखा सिंह परिहार (जिला उपाध्यक्ष), सुषमा देवी, मंगली प्रसाद वर्मा (जिला मंत्री), अनुराग अग्निहोत्री, स्वतंत्र देवल (जिला मीडिया प्रभारी), सुमित गंगवार, गीता मिश्रा (जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा), सतनाम सिंह (अल्पसंख्यक मोर्चा), सत्यपाल वर्मा, अमनदीप मिश्रा (जिला महामंत्री युवा मोर्चा), अभिनीत पांडेय (जिला सोशल मीडिया संयोजक) और नीतीश अग्रवाल की उपस्थिति रही।