अमेठीः संग्रामपुर पुलिस की कार्रवाई! एनडीपीएस में एक और गैंगस्टर एक्ट में तीन आरोपी गिरफ्तार
November 03, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। अपराध और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए संग्रामपुर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि चोरी के मामले में पूर्व में जेल भेजे जा चुके तीन आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी संग्रामपुर संजय सिंह ने बताया कि गांधीनगर डेरा मजरे पालपुर निवासी करन, राजू और विकास को चोरी के मामले में बीते 19 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर तीनों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गैंगस्टर अधिनियम की धारा 2(ख)(1)/3 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, पुलिस ने धौरहरा निवासी 65 वर्षीय कैलाश कोरी पुत्र प्रह्लाद कोरी को 531 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी अमेठी श्वेताभ भास्कर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे नशा मुक्ति एवं अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई है। संग्रामपुर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
