संग्रामपुरः पुलिस और स्वास्थ्य सेवाओं पर उठाए सवाल! सवर्ण समाज की आवाज उठाने वाले युवक की पिटाई
November 02, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। सवर्ण समाज के उत्थान और यूजीसी व एससी-एसटी एक्ट के विरोध में आवाज उठाने वाले एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। थाना संग्रामपुर क्षेत्र के तारापुर निवासी नीरज सिंह ने आरोप लगाया है कि एक नवंबर को अमेठी-प्रतापगढ़ मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास चार अज्ञात लोगों ने उनकी जमकर पिटाई की और उन्हें गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने अमेठी कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की लिखित तहरीर दी, लेकिन उन्हें अपेक्षित पुलिस सहायता नहीं मिली। उनका यह भी आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी में उनका मेडिकल परीक्षण नहीं किया गया। पीड़ित ने बताया कि कोतवाली पुलिस उन्हें अमेठी कोतवाली की सीमा तक छोड़कर वापस लौट गई। नीरज सिंह का कहना है कि वह सवर्ण समाज के अधिकारों और उत्थान के लिए आवाज उठा रहे हैं, लेकिन इसके बदले उन्हें मारपीट का सामना करना पड़ा। उन्होंने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। घटना के बाद पीड़ित ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, मारपीट के कारणों और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। अब सवाल यह है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ मारपीट होती है तो उसे समय पर चिकित्सकीय परीक्षण और पुलिस सहायता मिलना सुनिश्चित क्यों नहीं हो पा रहा है। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।
