Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

वडोदरा में लड्डू नाम का तोता हुआ लापता तो महिला ने छोड़ा अन्न


कहते हैं कि प्रेम एक ऐसी भावना है जो चाहें इंसान से हो या जानवर से, फिर इस भावना को कोई खत्म नहीं कर पाता। गुजरात के वडोदरा से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां के पारिख परिवार का तोता 4 दिन से लापता है, ऐसे में परिवार की महिला ने 4 दिन से अन्न नहीं खाया है। महिला की हालत खराब है क्योंकि वह तोते को अपने बच्चे की तरह पाल रही थीं और अब वह लापता है।

वडोदरा के सेवासी रोड स्थित इस्कॉन हाइट्स में रहने वाले पारिख परिवार का छह महीने का अफ्रीकन ग्रे पैरट 'लड्डू' पिछले चार दिनों से लापता है। परिवार उसे पिछले जुलाई महीने में मुंबई से 1 लाख 10 हजार रुपये में खरीदकर लाया था।

लड्डू के गायब होने से सबसे ज्यादा सदमे में उसकी मां जैसी देखभाल करने वाली जेसिका पारिख हैं। उन्होंने लड्डू की परवरिश के लिए अपनी निजी स्कूल की नौकरी तक छोड़ दी थी। पिछले चार दिनों से उन्होंने अन्न का एक दाना भी नहीं खाया है।

जेसिका के मुताबिक, लड्डू सुबह से रात तक उनके आसपास रहता था। कभी सीने पर तो कभी गोद में बैठकर खाना खाता था। आज घर में उसका खाली पिंजरा और उसकी यादें परिवार को रुला रही हैं।

परिवार ने आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन लड्डू का कोई सुराग नहीं मिला। अब उसे सुरक्षित वापस लाने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। लड्डू की पहचान उसकी आंख के पास निशान, चोंच पर खुरदरे निशान और पैर में पहने कड़े से की जा सकती है।

जेसिका की लोगों से अपील है कि मजाक न बनाएं, बल्कि लड्डू को ढूंढने में मदद करें। परिवार की बस एक ही पुकार है, लौट आओ लड्डू, तुम्हारी मां तुम्हारा इंतजार कर रही है।

जेसिका पारिख ने बताया, "लड्डू मेरे लिए सिर्फ एक तोता नहीं, बल्कि मेरा बेटा है। मैं उसे अपने बच्चे की तरह पालती थी। सुबह से रात तक वह मेरे साथ रहता था। कभी मेरी छाती पर तो कभी मेरी गोद में बैठकर खाना खाता था। पिछले चार दिनों से मैंने अन्न का एक दाना तक नहीं खाया है। मुझे हर पल उसकी चिंता सताती है कि वह कहां होगा, उसने खाना खाया होगा या नहीं।"

जेसिका ने बताया, "कुछ लोग पेट पेरेंट्स का मजाक उड़ाते हैं, लेकिन मेरा दर्द वही समझ सकता है जिसने किसी बेजुबान से इतना प्यार किया हो। मेरी सभी से हाथ जोड़कर विनती है कि मेरा लड्डू मुझे वापस लौटा दीजिए। उसे ढूंढकर लाने वाले को मैं एक लाख रुपये का इनाम दूंगी।"

बता दें कि इससे पहले एक फिरंगी तोता चर्चा में रहा था। उसकी गजब इंग्लिश सुनकर सब हैरान थे। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |