रिजीम चेंज करने से परिस्थिति बदलेगी, ऐसा कभी नहीं हुआ-मोहन भागवत
October 20, 2026
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर में अपने विजयादशी संबोधन में स्व की भावना पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत को संगठित और बलसंपन्न बनाने के लिए अपने इतिहास, अस्मिता और स्वभाव को समझना जरूरी है। संघ प्रमुखने अपने संबोधन में रिजीम चेंज का जिक्र करते हुए कहा कि इससे परिस्थिति बदलेगी, ऐसा कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा,"रिजीम चेंज करने से परिस्थिति बदलेगी, लेकिन ऐसा कभी हुआ नहीं। पहले नहीं हुआ है, आज भी नहीं हुआ है। अपने स्वार्थ का पोषण करने वाले अपने पिट्ठू सब जगह प्रभावी रहे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने अपने संबोधन में कहा कि केवल रिजीम चेंज से परिस्थितियां नहीं बदलतीं। उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसा नहीं हुआ और आज भी ऐसा नहीं हो रहा है। मोहन भागवत के मुताबिक, सत्ता परिवर्तन के बावजूद अपने स्वार्थों को पूरा करने वाली ताकतें और उनके समर्थक अलग-अलग जगहों पर प्रभावी बने रहते हैं। मोहन भागवत ने आरोप लगाया कि दुनिया में कुछ ताकतें अपने स्वार्थों को पूरा करने के लिए काम करती हैं। उन्होंने कहा कि भारत का मजबूत होना ऐसी गतिविधियों के लिए चुनौती बन सकता है। इसी वजह से भारत को निशाना बनाया जा रहा है। भागवत ने दावा किया कि भारत, हिंदू समाज और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को कमजोर करने और तोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इससे पहले अपने संबोधन के शुरुआत में संघ प्रमुख ने कहा, 'हमारी जो हम भावना है, वो जो हमारा स्व है, वो हमारा भावनात्मक बंधन है। इसी के चलते इतनी सारी विविधताओं से भरा हुआ देश प्राचीन समय से एक राष्ट्र के नाते चलते आया है। क्योंकि हमारे पूर्वजों के पास संपूर्ण अस्तित्व के एकता की एक अनुभूति थी। इसी अनुभूति के आधार पर अपनेपन का व्यवहार करने वाले अनेक सोपानों से बने हुए उत्कृष्ट तत्त्वज्ञान के भी हम विरासतदार हैं। लेकिन हम इसको भूल गए, तब हमारा पतन हुआ। हम विभाजित और दुर्बल हो गए और फिर इतने नीचे गिरते चले गए कि सैकड़ों वर्षों की गुलामी हमको झेलनी पड़ी। अब उस गुलामी से हम अनेक महापुरुषों के भीम प्रयासों के बाद और बलिदानों के बाद मुक्त होकर अपनी एकता और प्रगति के राह पर चल पड़े हैं।
संघ प्रमुख ने कहा कि देश की स्वाधीनता के समय एक अलग वातावरण था। उस वातावरण में देश को स्वतंत्र करने के लिए प्रयास करने वाले महापुरुषों और उस समय के समाज को जितनी तपस्या और समर्पण करना पड़ा, उससे कई गुना अधिक तपस्या और समर्पण की आवश्यकता आज की परिस्थिति में है। इस परिस्थिति को हम देखते हैं तो ध्यान में आता है वो भाव कौन सा है, वो तत्त्व कौन सा है? अपना भारत विविधता का देश, सब प्रकार की विविधता है। एकजुट होकर इस देश को चलना है, तो आधारभूत तत्त्व ऐसा चाहिए जो इन सबको स्वीकार करे। इन सबको सम्मान दे। इन सबकी प्रतिष्ठा और सुरक्षा की चिंता करे। ऐसा आधार हमारे पास कौन सा है? दुनिया के उपलब्ध विचारों में ऐसा कोई नहीं है। सौभाग्य से ऐसा विचार परंपरा से हमारे पास है, हमारी सनातन काल से चलती आई जो परंपरा है, सभी प्रकार की विविधता को स्वीकार करना, सभी को संरक्षित करना, ऐसा परंपरा से हमारा स्वभाव है।
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि हमें अपनी शाश्वत परंपराओं और मूल्यों को हमेशा बनाए रखना चाहिए, जबकि समय के साथ बदलने वाली चीजों में बदलाव के लिए लचीलापन भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाषा, जाति और पंथ के प्रति लगाव स्वाभाविक है, लेकिन इन सबसे ऊपर देश के प्रति भावनात्मक एकता का भाव होना चाहिए। मोहन भागवत ने कहा कि भारत की परंपरा पूरी दुनिया को अपना मानने की रही है, लेकिन समय के साथ हम समुद्र पार न करने जैसी बंदिशों में बंध गए। इससे हमारी कमजोरी बढ़ी और हममें अहंकार भी आया, जिसका नतीजा देश की दुर्दशा के रूप में सामने आया। उन्होंने कहा कि अब हमें अपनी पहचान और अस्मिता को याद करते हुए आपसी एकता मजबूत करनी होगी और एक-दूसरे के हितों का ध्यान रखते हुए जीवन जीना होगा।
