Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

गौरीगंजः ऐतिहासिक रामलीला में राम-सुग्रीव मित्रता, बालि वध और लंका दहन का हुआ भव्य मंचन


गौरीगंज/अमेठी। जनपद अमेठी के जिला मुख्यालय गौरीगंज के चैक बाजार में आयोजित ऐतिहासिक श्रीरामलीला के आठवें दिन रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को राम-सुग्रीव मित्रता, बालि वध और लंका दहन की लीलाओं का भव्य मंचन किया गया। वर्ष 1909 से लगातार चली आ रही इस रामलीला की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अयोध्या से आए अनुभवी कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता, बाली वध तथा हनुमान जी द्वारा लंका दहन के प्रसंगों का मनमोहक चित्रण प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से रामायण के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत कर दिया। मंचन के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जयकारे लगाते नजर आए। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और दर्शकों ने रामलीला का आनंद लिया। गौरीगंज की यह ऐतिहासिक रामलीला क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विगत 117 वर्षों से आयोजित हो रही इस रामलीला के माध्यम से लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, सत्य, धर्म, मित्रता और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जा रहा है। इस अवसर पर श्रीरामलीला समिति गौरीगंज के अध्यक्ष शीतला मिश्र, जिला प्रचारक पवन जी, नगर प्रचारक मनोज, जीएसटी कमिश्नर एवं समाजसेवी भूपेंद्र शुक्ला, आदित्य मिश्र, राकेश अग्रहरि, अजय अग्रवाल, ओपी सिंह, डॉ. मेवालाल,  राम जी अग्रहरि, कामद अग्रहरि, संतोष अग्रहरि, महीप अग्रहरि, टोनी जी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। श्री रामलीला समिति ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और इस ऐतिहासिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |