Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

गाजीपुर: कन्या पूजन से प्रसन्न होती हैं मां दुर्गा - पंडित बबुआ पांडेय


भांवरकोल/गाजीपुर। नवरात्र में कन्या पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनकी पूजा और उन्हें भोजन कराने से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं। क्षेत्र के कनुवान गांव निवासी आचार्य पंडित बबुआ पांडेय ने बताया कि भारतीय संस्कृति में कुमारियों को देवी का स्वरूप माना गया है। इसी मान्यता के तहत नवरात्र की अष्टमी और नवमी तिथि को कन्या पूजन की परंपरा निभाई जाती है।

उन्होंने बताया कि शास्त्रीय मान्यताओं के अनुसार दो से दस वर्ष तक की कन्याओं के पूजन का विशेष महत्व है। कन्या पूजन के दौरान मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना कर खीर, पूड़ी और हलवे का भोग लगाया जाता है। इसके बाद कन्याओं के पैर धोकर तिलक लगाया जाता है और श्रद्धापूर्वक भोजन कराया जाता है। कई स्थानों पर नौ कन्याओं के साथ एक बालक को भी भोजन कराने की परंपरा है, जिसे भैरव का स्वरूप माना जाता है।

पंडित बबुआ पांडेय ने कहा कि कन्याओं को सामर्थ्य के अनुसार वस्त्र, उपहार या दक्षिणा देकर सम्मानपूर्वक विदा करना चाहिए। श्रद्धा और भक्तिभाव से किया गया कन्या पूजन मां दुर्गा के प्रति आस्था प्रकट करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

इसी क्रम में क्षेत्र के बढ़नपुरा, रेवसड़ा, मांचा और कनुवान सहित विभिन्न गांवों में स्थापित दुर्गा प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। नवरात्र के अवसर पर पंडालों में हवन, पूजा-अर्चना, दुर्गा पाठ और मंगल आरती का आयोजन किया गया। मां के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। देर शाम तक पूजा पंडालों में दर्शनार्थियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |