सुलतानपुर। जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बैंक उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुलतानपुर पुलिस ने बैंकों के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने विभिन्न बैंक शाखाओं और उनके आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान बैंक परिसर और आसपास अनावश्यक रूप से मौजूद लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने टप्पेबाजी, जेबकतरी और लूट जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष सतर्कता बरती। साथ ही संदिग्ध वाहनों की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पुलिस टीमों ने बैंक परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का निरीक्षण किया। बैंक प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बैंक आने वाले ग्राहकों की सुरक्षा और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम प्राथमिकता में है।
सुलतानपुर पुलिस के अनुसार, बैंक उपभोक्ताओं की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए नियमित रूप से चेकिंग एवं गश्त की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखते हुए पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
