पीलीभीत। खेतों में मेहनत करने वाले किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान हो, इन मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी की महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव दिव्या पी. गंगवार ने बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसंवाद का सिलसिला तेज किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पीडीए जन-जागरूकता अभियान के तहत आयोजित पंचायतों और चैपालों में खेती-किसानी से जुड़े सवालों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी जरूरतों पर भी चर्चा हुई। 130 विधानसभा बीसलपुर से समाजवादी पार्टी की प्रबल दावेदार दिव्या पी. गंगवार ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि अन्नदाता की मेहनत का सम्मान तभी सार्थक होगा, जब उसे अपनी फसल का उचित मूल्य और समय पर भुगतान मिले। किसानों को अपनी ही उपज बेचने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़े, यह व्यवस्था के सामने गंभीर सवाल खड़े करता है।
पंचायतों में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। किसानों की मांग रही कि बकाया राशि ब्याज सहित दिलाई जाए और भुगतान में अनावश्यक देरी न हो। धान खरीद केंद्रों पर पारदर्शिता, सही तौल तथा समय से भुगतान सुनिश्चित करने की आवश्यकता भी उठाई गई। दिव्या गंगवार ने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ने से किसानों के सामने आर्थिक चुनौतियां बढ़ रही हैं। खाद, बीज, डीजल और बिजली पर होने वाला खर्च खेती को महंगा बना रहा है। ऐसे में किसानों की समस्याओं को सुनना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना भी जरूरी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में छुट्टा पशुओं से फसलों को होने वाले नुकसान का मुद्दा भी पंचायतों में उठा। किसानों को अपनी फसल बचाने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है। इसके साथ ही सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली, नहरों की सफाई, संपर्क मार्गों की मरम्मत और फसल क्षति होने पर उचित मुआवजे की मांग भी सामने आई।
दिव्या पी. गंगवार ने कहा कि गांवों की आर्थिक मजबूती का आधार किसान हैं। जब किसान को उसकी मेहनत का पूरा लाभ मिलेगा, तभी ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और स्थानीय बाजारों में भी इसका सकारात्मक असर दिखाई देगा। उन्होंने किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को जनसंवाद के माध्यम से सामने लाने पर जोर दिया।
पंचायतों में ग्रामीण विकास, बिजली आपूर्ति, सिंचाई सुविधाओं और संपर्क मार्गों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। दिव्या गंगवार ने कहा कि जनता की वास्तविक समस्याओं को समझने के लिए उनके बीच पहुंचना जरूरी है। किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर उठाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि पीडीए जन-जागरूकता अभियान के तहत जनसंवाद आगे भी जारी रहेगा, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं और अपेक्षाओं को प्रमुखता से सामने रखा जा सके। कार्यक्रमों में चैधरी प्रदीप सिंह पटेल, रूप लाल महातिया, ओम पाल गंगवार, भूदेव गंगवार, सुरेश पाल, प्रेम शंकर मौर्य, भगवान दास कश्यप, जंग बहादुर राठौर, बाबू राम, विनोद कुमार, नेतराम, काली चरन और छत्र पाल गौतम सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पीडीए पंचायतों के माध्यम से किसानों की समस्याओं, खरीद व्यवस्था और ग्रामीण सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में लाने की कोशिश की गई। अब इन समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित स्तरों पर होने वाली पहल पर ग्रामीणों की नजर रहेगी।
