Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने स्वामी विवेकानन्द की विशाल प्रतिमा का किया अनावरण


उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के इतिहास में एक अविस्मरणीय और गौरवशाली अध्याय जुड़ गया है। आयोग परिसर में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ का आगमन हुआ। आयोग के पूरे इतिहास में यह पहला मौका है जब देश की शीर्ष अदालत के किसी सेवारत न्यायमूर्ति ने परिसर का आधिकारिक दौरा किया है। इस यात्रा के दौरान न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने परिसर में नवनिर्मित 'आदित्य पतंजलि योगपीठम्' का भव्य उद्घाटन किया और वहां स्थापित 'स्वामी विवेकानन्द जी की विशाल प्रतिमा' का अनावरण किया। योग और आध्यात्मिक प्रेरणा के एक जीवंत केंद्र के रूप में विकसित इस स्थल पर सूर्य नमस्कार की विभिन्न भंगिमाओं को दर्शाया गया है। साथ ही, भारत के नोबेल पुरस्कार विजेताओं के गौरवपूर्ण योगदान को भी यहां प्रदर्शित किया गया है, जो युवाओं में राष्ट्र के बौद्धिक वैभव की अलख जगाएगा।

न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में आयोग से जुड़ी अपनी अतीत की स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने 'कल्पवृक्ष संग्रहालय' की बनावट, उसमें संग्रहीत कृतियों की कलात्मकता, आयोग के हरे-भरे परिसर और यहां की पारदर्शी चयन प्रणाली की भूरी-भूरी प्रशंसा की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आयोग पूरी निष्पक्षता से अपना कार्य संपादित कर सके, इसके लिए भारतीय संविधान के अंतर्गत अनुच्छेद 315 से 323 तक व्यापक व सुदृढ़ प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने रेखांकित किया कि "न्यायालय में प्रभाव या सत्ता नहीं, साक्ष्य और तर्क बोलते हैं। ठीक उसी प्रकार भर्ती में अनुग्रह या पहचान नहीं, केवल पात्रता (Merit) बोलती है। यह अकाट्य सत्य है कि न्याय का सिंहासन हो या चयन की वेदी, वहां किसी की व्यक्तिगत पहचान को नहीं, बल्कि केवल पात्रता की गूंज को मान्यता मिलनी चाहिए।"

उन्होंने आगे कहा कि आयोग महज परीक्षाओं का संचालन नहीं करते, बल्कि राष्ट्र के बेहतर भविष्य के लिए उत्कृष्ट लोकसेवकों का चयन करते हैं। आयोग द्वारा चयनित एक-एक प्रशासक का निर्णय दूरगामी होता है। इसीलिए, एक चयन केवल एक व्यक्ति का नियोजन नहीं है, बल्कि आगामी दशकों के सुशासन का बीजारोपण है। यही आयोग के कार्य की संप्रभु गंभीरता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि निष्पक्ष होना ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि निष्पक्षता दिखाई भी देनी चाहिए। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि यूपीपीएससी अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए देश भर में अपना एक उत्कृष्ट प्रतिमान स्थापित कर रहा है।

मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए यूपीपीएससी के अध्यक्ष संजय श्रीनेत ने न्यायपालिका और चयन संस्थाओं के अंतर्संबंधों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा, "भले ही न्यायपालिका और चयन संस्थाओं के कार्यक्षेत्र (Jurisdiction) अलग हों, लेकिन हमारी वैधानिक आत्मा एक ही है - और दोनों का मूल तत्व लोक विश्वास (Public Trust) है। जहां न्यायालय नागरिकों को न्याय का कानूनी आश्वासन देता है, वहीं चयन संस्थाएं उन्हें समान अवसर का संवैधानिक विश्वास देती हैं।"

कार्यक्रम के दौरान आयोग के सदस्य मेजर जनरल (डॉ०) मनोज कुमार ने आयोग की आधुनिक कार्यप्रणाली और पारदर्शी प्रक्रियाओं पर एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। अंत में, सदस्य डॉ. एके वर्मा ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस कार्यक्रम में सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति अशोक भूषण, उच्च न्यायालय के न्यायमूर्तिगण राहुल चतुर्वेदी, अजीत सिंह, राजीव लोचन मेहरोत्रा व अन्य न्यायमूर्तिगण गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्तागण, अपर शासकीय महाधिवक्ता, आयोग के सदस्यगण, पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारी एवं जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण तथा आयोग के अधिकारी व कर्मचारीगण भारी संख्या में उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |