Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः शिव श्याम रसोई का हुआ भव्य उद्घाटन, 101 कन्याओं का पूजन कर लिया सेवा का संकल्प


प्रतापगढ़। गायघाट रोड, दहिलामऊ स्थित त्रिमूर्ति शिव मंदिर के प्रांगण में जरूरतमंदों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिव श्याम रसोई का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर 101 कन्याओं का पूजन कर उनके सम्मान और सेवा का संदेश दिया गया।

शिव श्याम रसोई का उद्घाटन राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य के प्रतिनिधि राय साहब सिंह तथा नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल विक्रम सिंह ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने कहा कि भूखे को भोजन कराना और माता-पिता की सेवा करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने इस पुनीत पहल के लिए मंदिर के दोनों व्यवस्थापकों को धन्यवाद देते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि इस रसोई के माध्यम से जरूरतमंदों को निरंतर भोजन मिलता रहे।

मंदिर के व्यवस्थापक एवं शिक्षक आलोक कुमार सिंह तथा शंकर शरण जायसवाल ने बताया कि शिव श्याम रसोई के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले निराश्रित, जरूरतमंद एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों तक उनके निवास स्थान पर जाकर भोजन पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद भूखा न रहे।

इस अवसर पर आलोक कुमार सिंह एवं शंकर शरण जायसवाल ने दोनों मुख्य अतिथियों को मंदिर की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में शिक्षक आलोक कुमार सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिर ऐसा पवित्र स्थान है, जहां श्रद्धालु अपने कष्टों के निवारण तथा प्रभु की सेवा और अर्चना के लिए आते हैं। जब मंदिर में शिव श्याम रसोई के माध्यम से भोजन तैयार होकर निराश्रित और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचेगा, तो वह भोजन प्रभु के प्रसाद के रूप में उनकी सेवा का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची पूजा और अर्चना का सार है।

इस पुनीत अवसर पर अरुण कुमार सिंह एडवोकेट, अशोक कुमार सिंह, पंडित शोभनाथ, रामराजी जायसवाल, प्राची बघेल, धर्मराज पाठक, आदित्य जायसवाल, राघवी सिंह, प्रणवी सिंह, ईशान्वी सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

शिव श्याम रसोई का उद्देश्य है कि जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना, निराश्रितों की सेवा करना और मानवता के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन करना।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |