अमेठीः सक्षम केएमसी’ पहल शुरू, नवजातों को घर पर मिलेगी देखभाल
August 26, 2026
अमेठी। समय से पूर्व जन्मे एवं कम जन्म वजन वाले नवजात शिशुओं की बेहतर, सुरक्षित एवं निरंतर देखभाल सुनिश्चित करने की दिशा में जनपद अमेठी ने एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। सोमवार को विकास खंड बहादुरपुर सभागार में गृह आधारित कंगारू मातृ देखभाल (होम बेस्ड कंगारू मदर केयर) कार्यक्रम ‘सक्षम केएमसी’ का भव्य शुभारम्भ उत्तर प्रदेश सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री श्री मयंकेश्वर शरण सिंह एवं जिलाधिकारी संजय चैहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान पाकरगांव उपकेंद्र की आशा, एएनएम, संगिनी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) एवं स्थानीय माताओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि त्वचा से त्वचा संपर्क (कंगारू मदर केयर), नियमित स्तनपान और सतत निगरानी के माध्यम से नवजातों के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है। अपने संबोधन में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि समय से पूर्व जन्मे एवं कम वजन वाले नवजातों की देखभाल में निरंतरता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह मॉडल स्वास्थ्य संस्थानों और परिवारों के बीच एक मजबूत एवं सतत सेतु का कार्य करेगा तथा “अस्पताल से घर तक गुणवत्तापूर्ण नवजात देखभाल” सुनिश्चित करेगा। जिलाधिकारी संजय चैहान ने कहा कि वर्तमान में यह पहल तिलोई और बहादुरपुर ब्लॉक से शुरू की गई है, जिसे चरणबद्ध तरीके से जनपद के सभी विकास खंडों तक विस्तारित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री श्री मयंकेश्वर शरण सिंह, एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संजय चैहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी एवं मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा एमएनसीयू एवं केएमसी सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला संयुक्त चिकित्सालय के सीएचओ डॉ. बी.पी. अग्रवाल, डीपीएम बसंत कुमार राय, जिला कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक अशोक कुमार, जिला लेखा प्रबंधक विनीत कुमार, जिला क्वालिटी कंसल्टेंट विनोद कुमार, मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन अधिकारी श्रीराज, एचएमआईएस ऑपरेटर मोहित कुमार, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधीक्षक, आयुष्मान आरोग्य मंदिर पाकरगांव की टीम तथा एमबीएसयूध्केएमसी टीम शामिल रही। इसके अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिलोई की 18, सिंहपुर की 20 तथा बहादुरपुर की 15 आशा कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी एवं रिपोर्टिंग व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
