Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

जगदीशपुर: डंडेश्वर महादेव मंदिर में किया जलाभिषेक! डीएम एवं एसएपी ने औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर का किया निरीक्षण


जगदीशपुर/अमेठी। जनपद में औद्योगिक विकास, श्रमिक कल्याण तथा जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संजय चैहान एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने सोमवार को औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यूपीसीडा द्वारा संचालित सामान्य सुविधा केंद्र (सीएफसी), श्रमिक सुविधा केंद्र, यातायात व्यवस्था तथा श्रावण मास के अवसर पर धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यूपीसीडा द्वारा संचालित सामान्य सुविधा केंद्र (सीएफसी) का अवलोकन किया। निरीक्षण में केंद्र परिसर स्थित फील्ड हॉस्टल भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में पाया गया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करते हुए भवन की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का रखरखाव प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, जिससे उद्यमियों एवं श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने सामान्य सुविधा केंद्र के जीर्णोद्धार एवं आधुनिक सुविधाओं के विकास को लेकर यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक, उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना, औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में केंद्र को अधिक उपयोगी एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्योगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए केंद्र के पुनर्विकास की कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत की जाए। निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-21 में स्थित श्रमिक सुविधा केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए श्रमिकों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने सहायक श्रमायुक्त को निर्देश दिए कि श्रमिकों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा केंद्र का उच्चीकरण कर वहां टेलीविजन, पंखे एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुविधा एवं कल्याण शासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी ने संजय गांधी पॉलिटेक्निक चैराहे का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने ट्रैफिक की सुगमता एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना को चैराहे पर पर्याप्त सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक उपाय समयबद्ध ढंग से लागू किए जाएं। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रसिद्ध श्री डंडेश्वर महादेव मंदिर, कोछित पहुंचकर श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने श्री डंडेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |