Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

जहानाबाद में दर्दनाक हादसा, ट्रक से कुचलकर कृषि सलाहकार की मौत


बिहार के जहानाबाद जिले में एक बेहद ही दुखद और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक कृषि सलाहकार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने भारी हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने दुर्घटनास्थल पर ही ट्रक में आग लगा दी, जिसके बाद एनएच-33 जाम हो गया।

घटना काको थाना क्षेत्र के सरस्वती मोड़ के नजदीक एनएच-33 की है। मृतक की पहचान सफेपुर गांव निवासी ज्ञानचंद शर्मा (50) के रूप में हुई है। जो काको प्रखंड कृषि विभाग में अमथुआ पंचायत के कृषि सलाहकार के पद पर कार्यरत थे। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि वह सब्जी लेकर साइकिल से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह ट्रक के नीचे आ गए और कुछ दूरी तक घिसटते चले गए। हादसे में उनका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसकी वजह से शुरुआत में उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। बाद में परिजनों ने कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर शव की शिनाख्त की।

घटना के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी छोड़ मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक आग की लपटों में घिर गया। इधर घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई और स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन कुछ समय के लिए दोनों ओर से वाहनों का परिचालन रोक दिया, जिससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में इसकी सूचना फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर तीन दमकल की गाड़ी पहुंच गई और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस संबंध में पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |