नेपाल में भीषण तबाही के बाद बिहार-यूपी में बड़ा खतरा, इन जिलों में हाई अलर्ट
August 27, 2026
नेपाल में बाढ़ से हुई भीषण तबाही के बाद भारत में भी अलर्ट है। खासकर बिहार के 9 जिलों और यूपी के 7 जिलों में हाईअलर्ट जारी किया गया है। बिहार के पश्चिमी चंपारण में गंडक नदी में अचानक पानी बढ़ने से बैराज के 36 गेट खोले गए हैं। साथ ही नदी किनारे वाले इलाकों को खाली करवाया जा रहा है। हालात कितने संवेदनशील हैं, उसका अंदाजा इसी बात से लग जाता है कि खुद प्रधानमंत्री मोदी अलर्ट मोड में है तो गृह मंत्री अमित शाह भी नजर बनाए हुए हैं। अमित शाह ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दोनों राज्यों में नदियों में संभावित वृद्धि के बारे में बात की। शाह ने कहा कि नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने बताया कि मैंने बिहार और यूपी के मुख्यमंत्रियों से इस आपदा के बारे में बात की है।
जब पीएम और गृहमंत्री अलर्ट हैं तो बिहार और यूपी के मुख्यमंत्री भी एक्शन में आ गए हैं। हालात को देखते हुए बिहार के CM सम्राट चौधरी ने अधिकारियों के साथ इमरजेंसी मीटिंग की। उधर, यूपी के सीएम योगी ने महाराजगंज और कुशीनगर जिले में गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर में नजर रखने का आदेश दिया है। राज्य सरकारों के निर्देश मिलते ही सीनियर अधिकारी मौके पर तैनात हो गए हैं और लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
बिहार के जिन 9 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, सीवान, सारण, शिवहर, सीतामढ़ी और वैशाली शामिल हैं।
नेपाल में आई बाढ़ ने एक बार फिर साबित किया है कि हिमालय की आपदा भारत की भी आपदा हो सकती है। फिलहाल सबसे बड़ा खतरा गंडक नदी तंत्र के जरिए बिहार और यूपी के सीमावर्ती इलाकों पर है। प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है, लेकिन अगले 24 घंटे नदी के जलस्तर और नेपाल से आने वाले पानी की निगरानी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं।
