पीलीभीत। पूरनपुर क्षेत्र के खुटार रोड स्थित मजार तिराहे के पास मादक पदार्थों की कथित बिक्री का खेल उस समय बेनकाब हो गया, जब मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी आने-जाने वाले ट्रक चालकों और अन्य लोगों को अफीम बेचने की फिराक में खड़े थे।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के निर्देशन में चलाए जा रहे मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने खुटार रोड स्थित मजार तिराहे पर पहुंचकर घेराबंदी की और मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान जीशान खान के कब्जे से 235 ग्राम अफीम, एक बुलेट मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन, जबकि दिलशाद रजा के पास से 220 ग्राम अफीम और मोबाइल फोन बरामद हुआ। दोनों के कब्जे से कुल 455 ग्राम अवैध अफीम और ₹ 1,900 नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीशान खान पुत्र नौशाद खान (26 वर्ष) और दिलशाद रजा पुत्र सलीम (25 वर्ष), निवासी मोहल्ला खानकाह, थाना पूरनपुर के रूप में हुई है।मामले में थाना पूरनपुर में मु0अ0सं0 348ध्2026, धारा 8ध्18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार पाण्डेय, हेड कांस्टेबल आशीष मिश्रा, कांस्टेबल शिवा तालियान, कुशलपाल और लवनीश कुमार शामिल रहे।
