Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

यूपी में सरकार बनने पर सपा महिलाओं को 40 हजार रुपये देगी, हर साल बढ़ेगी पेंशन, छात्राओं को मिलेगा लैपटॉप


यूपी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने स्त्री सम्मान सम्रद्धि योजना का एलान किया है। सपा सरकार आने पर वयस्क स्त्रियों को 40 हज़ार पेंशन दी जाएगी। हर साल पेंशन बढ़ेगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि बिना आधी आबादी के तरक्की अधूरी है। सपा सरकार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं होगा। स्त्री समृद्धि सम्मान योजना आधी आबादी की पूरी आज़ादी का संकल्प है।

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि महिलाओं के लिए समर्पित एम्बुलेंस सेवा शुरू की जाएगी। वहीं मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि स्त्री का सम्मान समाज में हमेशा होना चाहिए। इस योजना में हम महिलाओं को 40 हजार रुपये हर साल देंगे। इसमें हर साल बढ़ोतरी भी होती रहेगी।

सपा प्रमुख ने कहा कि पहले भी समाजवादी सरकार में शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य और सुरक्षा तक के जो फैसले लिए गए थे, वे आज भी उत्तर प्रदेश सरकार के लिए और देश के लिए उदाहरण बने हैं। मैं अपनी माताओं बहनों को और आधी आबादी को यह भरोसा दिला सकता हूं कि स्त्री सम्मान समृद्धि योजना को हम मैनिफेस्टो में लाने का काम करेंगे।

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार में जिसको लैपटॉप मिला होगा, वह आज भी चल रहा होगा। उस समय जब टेक्नोलॉजी की इतनी पेनिट्रेशन नहीं थी। टेक्नोलॉजी के माध्यम से इतना कुछ नहीं चल पा रहा था। उस समय समाजवादी पार्टी ने लैपटॉप देने का काम किया था। भविष्य में इंटरमीडिएट पास करने वाली बेटी को लैपटॉप देकर के उसको आगे बढ़ने का मौका समाजवादी सरकार में दिया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे ऑफिस से जानकारी सरकार के पास पहुंच रही है। हम पहले ही मैनिफेस्टो में बुज़ुर्ग लोगों को फ्री बस यात्रा का एलान करने की तैयारी में थे। सरकार आएगी तो यूनिवर्सिटी और स्कूल कालेज जाने के लिए फ्री मेट्रो कार्ड देंगे।

सीएम योगी पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग कुछ नहीं समझते वो भी टेबलेट बांटने की बात कर रहे हैं। इससे पहले भी उन्होंने कुछ बांटा था। उंगली घिस दीजिए, तब भी स्क्रीन पर कुछ नहीं चल रहा है। बता दें कि अभी कल ही योगी कैबिनेट ने 25 लाख युवा छात्र-छात्राओं को फ्री में टैबलेट देने का ऐलान किया था।

सपा नेता ने कहा कि बीजेपी के लिए नारी सिर्फ नारा बन कर रह गई है। बीजेपी से मांग है कि वो महिला आरक्षण अगले विधानसभा चुनाव में लागू करे। यहां जितनी भी हमारी महिलाएं बहनें बैठी हैं, वो जानती हैं कि महिला आरक्षण पास हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी क्यों देरी कर रही है? अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए का मतलब पेट में दर्द भी है। हमारी घोषणाओं से बीजेपी के पेट में दर्द होता है।

अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार में पहले भी साइकिल दी गई थी, भविष्य में भी साइकिल मिलेगी। सबसे बड़ी बात ये है कि बंद किए हुए 26,000 प्राइमरी स्कूल पुनः शुरू किए जाएंगे। आंगनवाड़ी को लेकर के भी जो आकड़े आ रहे हैं, वो ऐसे आकड़े हैं कि अगर आप देखोगे तो खुद ही ताज्जुब कर जाओगे कि 10 साल की सरकार और डबल इंजन की सरकार ने आंगनवाड़ियों का क्या हाल कर दिया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |