संसद के दोनों सदनों में हंगामा, 3 अगस्त तक कार्यवाही स्थगित
July 31, 2026
संसद का मानसून सत्र अभी भी जारी है। शुक्रवार को मानसून सत्र के दौरान लोकसभा और राज्यसभा में कई अहम विधायी प्रस्तावों पर चर्चा और कार्रवाई होनी थी। हालांकि दोनों सदनों को हंगामे की वजह से स्थगित कर दिया गया। दोनों सदनों की अगली कार्यवाही अब 3 अगस्त को शुरू होगी। बता दें कि लोकसभा में सदस्य 'जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026' और 'सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026' पर चर्चा और मतदान होना था। वहीं, राज्यसभा में 'सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक, 2026' पर चर्चा होनी थी।
दूसरी तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 'जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026' पेश करने वाले थे, जिसका मकसद 'जन्म और मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969' में संशोधन करना है। हालांकि दोनों सदनों में विपक्ष की ओर से लगातार हंगामा जारी रहा, जिसके कारण दोनों सदनों की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया।
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कह, "अयोध्या की घटनाओं पर गौर करें, चढ़ावा चढ़ाने गए भक्तों को रसीदें नहीं दी गईं; दान पेटी तक पहुंचने से पहले ही पैसे ले लिए गए। गिनती वाली जगह पर CCTV कैमरों ने कुछ ही दिनों में गड़बड़ी के सत्तर वीडियो रिकॉर्ड किए, फिर भी बाद में सारा पुराना फुटेज डिलीट कर दिया गया। हमारा विरोध सांकेतिक था, जिसका मकसद अयोध्या में हो रही खुली लूट को उजागर करना था। यह लूट तब से चल रही है जब 2020 में भगवान श्री राम के मंदिर के निर्माण के लिए ट्रस्ट बना था। यह सारा पैसा BJP, RSS और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े लोगों की जेबों और बैंक खातों में चला गया है। विपक्ष में हम लगातार मांग कर रहे हैं, जिसमें स्पीकर से की गई मांग भी शामिल है, कि हमें इस मामले पर चर्चा करने का मौका दिया जाए।"
छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान घायल हुए दिल्ली पुलिस कर्मियों के परिवार वालों की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बारे में पूछे जाने पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "आप बीजेपी के हो क्या?"
