पीलीभीत। सोमवार को सदर तहसील क्षेत्र के बरहा गांव में शिक्षा, खेल और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर खेल मैदान के लिए भूमि को कंपोजिट विद्यालय बरहा के नाम आवंटित किए जाने के बाद सोमवार को उत्तर प्रदेश के गन्ना राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने भूमि का उद्घाटन पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान गन्ना राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष, ललौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने बरगद, पीपल, पाकड़, वाटर ब्रश, कचनार समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा और उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया।इस अवसर पर कंपोजिट विद्यालय बरहा के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। विशेष रूप से ‘‘ना काटो मुझे, दुखता है’’ शीर्षक से प्रस्तुत कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया और उपस्थित लोगों की खूब सराहना प्राप्त की। बच्चों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी।अपने संबोधन में गन्ना राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि शिक्षा और खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि खेल मैदान की उपलब्धता से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को खेल प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पूरनपुर हाईवे से बरहा गांव स्थित विद्यालय तक आने वाली जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। यातायात जागरूकता प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कक्षा आठ की छात्रा सुहानी तथा कक्षा आठ के छात्र रौनक को एक-एक हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। वहीं राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कक्षा सात के छात्र ऋतिक तथा नवोदय विद्यालय में कक्षा छह के लिए चयनित छात्रा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिली।
बरहा गांव के सचिव सुधीर त्रिपाठी और ग्राम प्रधान लौंग द्वारा खेल मैदान की भूमि को समतल कराने के लिए मिट्टी भराव का कार्य कराया गया था। इस महत्वपूर्ण योगदान के लिए गन्ना राज्य मंत्री ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गांव के विकास में जनप्रतिनिधियों और ग्राम पंचायत की सक्रिय भूमिका सराहनीय है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को भी सुना गया और मौके पर ही उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इससे ग्रामीणों में संतोष का माहौल देखने को मिला। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका गीता कुमारी ने किया। अंत में विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका ममता गंगवार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, अभिभावकों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के विकास में सभी का सहयोग प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर जिला समन्वयक राकेश पटेल, संतोष कुमार खरे, मीना कुमारी, गायत्री देवी, प्रगति राय, मनविंदर कौर, सृष्टि, विजेता, दिनेश कश्यप, रमेश चंद्र, पवन जैसवार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और शिक्षा, खेल तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
