बीसलपुर। विकासखंड बरखेड़ा के ग्राम माधवापुर में उर्वरक एवं कृषि दवा विक्रेताओं पर किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि वसूलने का आरोप लगाया गया है। मामले में भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने जिला कृषि अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की है।
भाकियू (भानु) के वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष संचित दीक्षित द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि कुछ विक्रेता किसानों को यूरिया, डीएपी एवं अन्य उर्वरक शासन द्वारा निर्धारित दरों से अधिक कीमत पर बेच रहे हैं। किसानों से प्रति बोरी 300 से 400 रुपये तक अतिरिक्त राशि वसूले जाने की शिकायत की गई है।
ज्ञापन में कृषि दवाओं एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। किसानों का कहना है कि इन उत्पादों के उपयोग के बावजूद अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा, जिससे लागत बढ़ रही है और उत्पादन प्रभावित हो रहा है।किसान संगठन ने संबंधित दुकानों के स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर की जांच कराने, उर्वरकों और कृषि दवाओं के नमूने लेकर गुणवत्ता परीक्षण कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।इस दौरान जिला संगठन मंत्री शेखर दीक्षित, मंडल प्रभारी सुशील मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
