चाय पीने निकले 2 दोस्तों को थार ने 200 मीटर तक घसीटा, एक ने तोड़ा दम
June 09, 2026
कोटा के नान्ता थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार थार की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय रामदेव निवासी बिनायका, तहसील तालेड़ा, जिला बूंदी अपने दोस्त कौशल पुत्र लेखराज के साथ घर से दुकान पर चाय पीने जा रहा था। इसी दौरान केशवरायपाटन चौराहा गिरधरपुरा के पास तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों दोस्त मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान कौशल पुत्र लेखराज की मौत हो गई, जबकि रामदेव को गंभीर चोटों के चलते भर्ती कराया गया है, जिसका इलाज जारी है।
हादसा केशवरायपाटन रोड स्थित साईनाथ रेस्टोरेंट के पास सोमवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि थार ड्राइवर रॉन्ग साइड में गाड़ी चला रहा था। उसने शराब भी पी रखी थी और शराब के नशे में ही उसने दोनों युवकों के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। थार की टक्कर से दोनों दोस्त करीब 200 से 300 मीटर तक घसीटते हुए थार के साथ चले गए थे, उसके बाद मौके पर भारी भीड़ लग गई। लोगों ने उन्हें तत्काल कोटा के एमबीएस चिकित्सालय पहुंचाया।
कौशल के पैर, सीने और सिर में चोट लगी, जबकि रामदेव के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। इलाज के दौरान तड़के कौशल की मौत हो गई। कौशल अपने परिवार में इकलौता था। दोनों युवक बूंदी जिले के बिनायका गांव पोस्ट देहित के रहने वाले हैं। यह गांव कोटा के बॉर्डर पर है। हादसा गांव से करीब साढ़े 3 किलोमीटर दूर हुआ।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने गुस्से में थार को आग लगा दी। वहीं, ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नान्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस थार के ड्राइवर की तलाश कर रही है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पूरे मामले को लेकर परिजनों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।
