प्रतापगढ़। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर पालिका परिषद बेल्हा द्वारा जनपद में व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 08 जून से 14 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत नगर क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, नालियों की सफाई तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के प्रथम दिन जोगापुर मान कांशीराम कॉलोनी में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पालिका की सफाई टीमों ने क्षेत्र में एकत्रित कूड़े का निस्तारण किया तथा चोक नालियों की साफ-सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया। कर्मचारियों द्वारा युद्धस्तर पर सफाई कार्य करते हुए पूरे क्षेत्र को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाने का प्रयास किया गया।
बरसात के मौसम और संक्रामक रोगों की संभावनाओं को देखते हुए क्षेत्र में ब्लीचिंग पाउडर एवं एंटी लार्वा दवाओं का छिड़काव भी कराया गया, ताकि मच्छरजनित एवं अन्य संक्रामक बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। इसके साथ ही नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन) अपनाने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया गया।
नगर पालिका परिषद बेल्हा के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान नगर के विभिन्न वार्डों में विशेष सफाई कार्यक्रम, जन-जागरूकता रैलियां एवं स्वच्छता संबंधी प्रचार-प्रसार गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर नगर के निर्माण में जनसहभागिता को बढ़ावा देना है।नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक के उपयोग से बचें। जनसहभागिता से ही स्वच्छ और स्वस्थ प्रतापगढ़ के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
.jpg)