लखनऊ: बीकेटी में अवैध खनन कर सरकार को चुनौती दे रहे खनन माफिया! जेसीबी मशीन से दिन रात सरकारी जमीनों पर अवैध खनन कर सरकार को लगा रहे करोड़ों रुपये के राजस्व को चूना
May 17, 2026
लखनऊ। लखनऊ जिले के बीकेटी तहसील क्षेत्र के इटौंजा थानांतर्गत ग्राम पंचायत खेसरावां में सरकारी भूमि पर धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है। मौजूदा समय में क्षेत्र के कई गांवों में स्थानीय पुलिस और लेखपालों की मिलीभगत से खनन माफिया दिन रात अवैध खनन करके सरकार को खुली चुनौती दे रहे हैं। प्रशासन के नाक के नीचे दिन रात सरकारी जमीनों पर अवैध खनन हो रहा है। मिट्टी से भरे डंपर दिन रात सड़कों पर दौड़ रहे हैं। पुलिस एवं तहसील प्रशासन जानते हुए भी खनन विभाग का काम बताकर अपना पल्ला झाड़ रहा है। बता दें कि स्थानीय पुलिस और लेखपालों की मिलीभगत से इटौंजा थानांतर्गत खेसरावां गांव में खनन माफिया प्रशासन पर इस कदर हावी है, कि जेसीबी मशीन से दिन रात सरकारी जमीनों पर अवैध खनन कर सरकार को करोड़ों रुपये राजस्व का चूना लगा रहे हैं। मिट्टी से लदे डंपर दिन रात सड़कों पर खुलेआम दौड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जेसीबी और डंपरों की आवाजों से दिन भर खेती करने वाले किसानों के कान गूंजते रहते हैं। पुलिस से शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। हालांकि इस मामले में पुलिस का कहना है कि क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा थाने में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अवैध मिट्टी खनन की शिकायत की गई है।जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा दो डंपर वह एक जेसीबी को सीज कर दिया गया है तथा अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है। वहीं क्षेत्रीय लेखपाल का कहना है कि अज्ञात लोगों द्वारा बिना प्रशासन की अनुमति के मिट्टी उत्खनन किया जा रहा था। जिसकी सूचना मिलते ही अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

