तिलोई: इंडेन गैस वितरण का बदलेगा स्थान ! भाजपा तिलोई मंडल अध्यक्ष की मांग पर एसडीएम ने छांव और पानी की व्यवस्था वाले स्थान पर गैस वितरण का दिया आश्वासन
May 22, 2026
तिलोई/अमेठी। तिलोई इंडेन गैस सर्विस पर उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी के बाद अब गैस वितरण स्थल में बदलाव किया जाएगा। उपजिलाधिकारी अमित सिंह ने आश्वासन दिया है कि अब गैस का वितरण ऐसे स्थान पर होगा जहां छांव और पानी की समुचित व्यवस्था हो। यह निर्णय भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज अवस्थी और जिला पंचायत सदस्य एड. रामकृष्ण भारती की मांग पर लिया गया है।अमेठी जिले के तिलोई कस्बे में इंडेन गैस सर्विस एजेंसी पर उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। एजेंसी नियमों की अनदेखी कर रही थी, जिसके कारण होम डिलीवरी सेवा पूरी तरह से बंद थी। उपभोक्ताओं को एसपीएन इंटर कॉलेज के खुले मैदान में चिलचिलाती धूप में लंबी कतारों में खड़ा होकर गैस लेनी पड़ रही थी।उपभोक्ताओं को रात-रात जागकर भी मुश्किल से गैस मिल पा रही थी। जानकारी के अनुसार, एक वाहन में लगभग 360 गैस सिलेंडर आते हैं, जबकि मौके पर एक हजार से अधिक उपभोक्ता मई की भीषण गर्मी में बिना सोए अपनी बारी का इंतजार करते थे।शुक्रवार को तिलोई भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज अवस्थी और जिला पंचायत सदस्य एड रामकृष्ण भारती ने उपजिलाधिकारी तिलोई अमित सिंह से मुलाकात की। उन्होंने उपभोक्ताओं की गैस संबंधी समस्याओं से एसडीएम को अवगत कराया और मांग की कि एसपीएन इंटर कॉलेज ग्राउंड के बजाय किसी अन्य जगह पर गैस वितरित की जाए, जहां छांव और पानी की उचित व्यवस्था हो।उन्होंने यह भी मांग की कि एक दिन में जितने गैस सिलेंडर एजेंसी में आते हैं, उतनी ही पर्चियां काटी जाएं और पर्ची पर गैस मिलने की तारीख व दिन लिखा जाए। इससे भीड़ की समस्या कम होगी और उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं होगी। उपजिलाधिकारी अमित सिंह ने भाजपा तिलोई मंडल अध्यक्ष पंकज अवस्थी की मांग को तत्काल स्वीकार कर लिया।एसडीएम ने आश्वासन दिया कि अब तिलोई इंडेन गैस सर्विस उपभोक्ताओं को वहीं उपलब्ध कराई जाएगी जहां बेहतर छांव और पानी की समुचित व्यवस्था होगी।

.jpg)