Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेठीः सीएचसी में बिजली संकट और बंद पंखों से मरीज परेशान


अमेठी। भीषण गर्मी के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अमेठी में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आ रही है। अस्पताल में बिजली और पंखों की समस्या के चलते मरीजों एवं तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दवा लेने आए मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं, वहीं पंखे बंद होने के कारण लोग उमस भरी गर्मी में घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर दिखाई दिए। मरीजों का कहना है कि अस्पताल परिसर में कई पंखे खराब पड़े हैं और बिजली आपूर्ति बाधित रहने से स्थिति और खराब हो जाती है। जानकारी के अनुसार सीएचसी की पुरानी बिल्डिंग में इनवर्टर के सहारे पंखे चलाए जा रहे हैं, जबकि कई जगह पंखे पूरी तरह बंद पड़े हैं। अस्पताल परिसर के बाहर जनरेटर मौजूद होने के बावजूद मरीजों को बिजली संकट से राहत नहीं मिल पा रही है। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के जिला अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश लगातार दिए जा रहे हैं, लेकिन अमेठी सीएचसी की स्थिति मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। भीषण गर्मी में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से खराब पंखों को तत्काल ठीक कराने और अस्पताल में निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |