पीलीभीत। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन रविवार को पूरी तरह सक्रिय दिखाई दिया। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता की संभावना को समाप्त करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव स्वयं मैदान में उतरे तथा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने पीएम श्री ड्रमंड इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रामा इंटर कॉलेज और उपाधि महाविद्यालय समेत कई प्रमुख परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा कक्षों तक की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़े प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता और ईमानदारी से निभानी होगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने केंद्रों पर तैनात पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखा जाए ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षार्थियों को सकारात्मक और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
प्रशासन की सक्रियता और सतर्क निगरानी के चलते परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन और व्यवस्था का माहौल देखने को मिला। जिला प्रशासन का कहना है कि शिक्षा से जुड़े ऐसे महत्वपूर्ण आयोजनों की निष्पक्षता बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
