Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

क्या बीजेपी में शामिल होंगे खेसारी लाल यादव?! अटकलें तेज


भोजपुरी सिंगर और अभिनेता खेसारी लाल यादव के उस समय बीजेपी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गईं जब उन्होंने शनिवार को पटना में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। यह मुलाकात राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद थे, जो उसी समय नितिन नवीन से मिलने पहुंचे थे। हालांकि, बीजेपी में शामिल होने की अटकलों पर खुद खेसारी लाल यादव ने विराम लगा दिया और साफ कहा कि उनका किसी पार्टी में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के घर पहुंचे। उन्होंने कहा, "मुझे खुशी इस बात की है कि बिहार का एक बेटा पूरे देश का नेतृत्व कर रहा है। नितिन नवीन हिन्दुस्तान के गौरव हैं। एक व्यक्तिगत संबंध शुरू से है। अगर बिहार का कोई आदमी बड़े स्तर पर जाता है और बिहार को बेहतर बनाने की बात करता है तो हम सब को उसके साथ रहना चाहिए। आज उनका जन्मदिन था। मैंने उन्हें आकर शुभकामना दी। मैं किसी पार्टी में नहीं जाने वाला। मैं एक कलाकार हूं और मुझे कलाकार ही रहने दीजिए। मैं आरजेडी के साथ था, हूं और आगे भी रहूंगा।"

खेसारी ने आगे कहा कि वे जाति या किसी राजनीतिक पहचान में विश्वास नहीं रखते। उन्होंने कहा, “मैं किसी भी पार्टी या जाति से नहीं जुड़ा हूं। मैं मानता हूं कि हमें इंसान के रूप में एकजुट रहना चाहिए।” अपनी पटना यात्रा के बारे में उन्होंने बताया कि वे नितिन नवीन को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने गए थे। उन्होंने कहा कि आज भैया का जन्मदिन था और मैं भी पटना में था। मुझे लगा कि वे आज देश का नेतृत्व कर रहे हैं और मेरे बड़े भाई जैसे हैं, इसलिए मैं उन्हें शुभकामना देने आया।

गौरतलब है कि पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की ओर से खेसारी लाल यादव को छपरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया था। उन्होंने चुनाव प्रचार में भारी भीड़ तो जुटाई, लेकिन बेहद करीबी मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार छोटी कुमारी ने उन्हें 7,600 वोटों से हराया। छोटी कुमारी को 86,845 वोट मिले, जबकि खेसारी लाल यादव को 79,245 वोट हासिल हुए थे। चुनाव हार के बाद खेसारी लाल यादव ने भावुक होकर कहा था कि उनका राजनीति में आने का मूल इरादा नहीं था और उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने के संकेत भी दिए थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |