अनु मीणा सुसाइड केस में बड़ा खुलासा, पति ने पहले कई बार किया था प्रताड़ित
May 24, 2026
राजस्थान के जयपुर के अनु मीणा सुसाइड केस में अब चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। आरोप है कि इंजीनियर पति गौतम ने आत्महत्या से पहले कई बार अनु को प्रताड़ित किया। 13 मार्च को भी कथित तौर पर उसकी जान लेने की साजिश रची गई थी, लेकिन उस दिन अनु और उसके दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे अपने साथ ले आए थे। भाई नीरज मीणा ने साफ कहा था कि उसकी जान खतरे में है और उसे वापस नहीं जाना चाहिए।'
हालांकि, बाद में गौतम ने माफी मांगकर अनु को वापस बुला लिया। परिवार को लगा कि मामला शांत हो गया है, लेकिन हालात लगातार बिगड़ते रहे। इससे पहले 3 मार्च को भी अनु के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। अनु के मोबाइल से मिले सीसीटीवी वीडियो में गौतम पहले टीवी तोड़ता दिखाई देता है, फिर कथित तौर पर अनु के साथ हिंसक व्यवहार करता है। बेटे माहिर ने भी बताया कि उसके पिता शराब के नशे में घर आते थे और अक्सर झगड़ा व मारपीट करते थे। लगातार तनाव और प्रताड़ना के बीच आखिरकार अनु ने खौफनाक कदम उठा लिया।
अनु मीणा सुसाइड केस घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और मौत के मुंह में धकेलने का बेहद सनसनीखेज मामला है। इस केस में मृतका के पति गौतम मीणा पर गंभीर आरोप हैं, जो टोंक के निवाई में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर तैनात है। दोनों की शादी साल 2015 में हुई थी और परिजनों का आरोप है कि करीब 60 लाख रुपये खर्च करने के बाद भी गौतम और उसके घरवाले खुश नहीं थे और लगातार दहेज के लिए अनु को प्रताड़ित करते थे। वह अक्सर शराब पीकर अनु के साथ बेरहमी से मारपीट करता था। प्रताड़ना से तंग आकर अनु ने पिछले दिनों अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे ठीक पहले उसने पति को वीडियो कॉल भी किया था।

