अमेठी: राजकीय आईटीआई अमेठी में रोजगार मेले का आयोजन, 156 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
May 23, 2026
अमेठी। जनपद के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अमेठी में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय, अमेठी एवं राजकीय आईटीआई अमेठी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रतिभाग कर रोजगार पाने की दिशा में कदम बढ़ाया। रोजगार मेले में जनपद के कुल 264 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के उपरांत 156 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों में एसआईएस सिक्योरिटी कम्पनी में 33, एल एंड टी कंस्ट्रक्शन कम्पनी में 72 तथा वेल्सपन कम्पनी में 51 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी अनुपमा रानी एवं राजकीय आईटीआई अमेठी के प्रधानाचार्य एम.पी. सिंह ने उपस्थित अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रधानाचार्य शिवाकान्त द्विवेदी एवं प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह द्वारा प्रतिभागी अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग एवं मार्गदर्शन कर उन्हें रोजगार से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। रोजगार मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में संस्थान के कार्यदेशक धर्मदेव एवं भारत भूषण मिश्रा सहित अन्य स्टॉफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वित प्रयासों से मेले का संचालन सुचारू रूप से कराया। जनपद में आयोजित इस रोजगार मेले से युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ।

