Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

दहेज के लिए शख्स ने पत्नी और ससुर की हत्या की, डीजल डालकर जलाया


तेलंगाना के कादिबिकोंडा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज विवाद के चलते एक शख्स ने अपनी पत्नी और ससुर की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी 30 साल के प्रवीण ने अपनी पत्नी राजश्री और 51 साल के ससुर राजशेखर पर पहले हथौड़े से हमला किया और फिर उन पर डीजल डालकर आग लगा दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

जानकारी के मुताबिक, राजशेखर पेशे से ऑटो ड्राइवर थे और उन्होंने 2023 में अपनी बेटी राजश्री की शादी वारंगल जिले के श्यापेट हवेली निवासी प्रवीण से की थी. शादी के समय 3 लाख रुपये दहेज और घरेलू सामान भी दिया गया था. दंपति के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक 2 साल का बेटा और 6 महीने की बेटी शामिल है.

बताया जा रहा है कि बेटी के जन्म के बाद प्रवीण ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी थी. इसी बात को लेकर अक्सर घर में विवाद होता था. हाल ही में राजश्री अपने पिता के घर आई हुई थी, जहां अन्नप्राशन पूजा भी हुई थी. घटना से दो दिन पहले प्रवीण भी वहां पहुंचा और एक बार फिर दहेज को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया.

घटना वाले दिन गुस्से में आकर प्रवीण ने घर में पड़े हथौड़े से अपनी पत्नी और ससुर के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने डीजल लाकर दोनों पर डाल दिया और आग लगा दी, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई.

घटना के बाद प्रवीण ने राजश्री की चाची को फोन कर झूठी कहानी सुनाई कि उसकी पत्नी और ससुर आग में फंस गए और मर गए. लेकिन जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्हें मृतकों के सिर पर चोट के निशान और पास में पड़ा हथौड़ा देखकर शक हुआ. इसके बाद राजश्री की बहन तेजस्विनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

वारदात के बाद आरोपी अपने दोनों बच्चों को लेकर फरार हो गया, लेकिन पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान प्रवीण ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. फिलहाल पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |