आगरा: शौचालय पर जनता के लिए ताला, आवारा कुत्तों का बसेरा, ईदगाह रेलवे स्टेशन पर यात्री परेशान
विधान केसरी समाचार
आगरा। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशनों पर जनता शौचालय बनाए गए हैं लेकिन इन शौचालयों पर ताला जड़ा हुआ है। यात्री परेशान भटकते दिखाई देते हैं। लघु शंका के लिए यात्रियों को खुले में जाना पड़ता है जबकि रेलवे स्टेशन पर हर जगह लिखा रहता है कि खुले में शौच या लघु शंका न करें स्टेशन को स्वच्छ बनाएं।
शौचालय पर आवारा जानवरों का डेरा
ईदगाह रेलवे स्टेशन के बाहर बने जनता शौचालय में ताला लगा हुआ है। यहां अक्सर आवारा कुत्ते तथा अन्य जानवर विचरण करते हुए दिखाई देते हैं। जनता के लिए यह शौचालय बंद है। शौच या लघुशंका के लिए आने वाले यात्री ताला देखकर वापस लौट जाते हैं हालांकि शौचालय को आधुनिक तरीके से बनाया गया है। यह देखने में आकर्षक है लेकिन दरवाजों पर लगे ताले मुंह चिढ़ाते नजर आते हैं। शौचालय पर लगे सालों की तस्वीरें सामाजिक कार्यकर्ता नरेश पारस में ट्विटर पर अपलोड करके रेल मंत्रालय को ट्वीट किया है। जिस पर सोशल मीडिया यूजर्स चटखारे ले रहे हैं। एक ट्विटर यूजर ने तो यहां तक लिखा है कि यह ताले केवल रेलवे के अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान ही खुलते हैं। उसके बाद हमेशा के लिए शौचालय पर ताले जड़ दिए जाते हैं। नरेश पारस ने रेलवे से मांग की है की जनता शौचालय पर लगे तालों को जनता के लिए खुलवाया जाएं। जिससे यात्री इसका इस्तेमाल कर सकें।