उन्नाव: मोमबत्ती से लगी आग से घास फूस से बने दो बंगले जलकर राख
विधान केसरी समाचार
उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र के बद्दल पुरवा गांव में गुरुवार रात मोमबत्ती से लगी आग से घास फूस से बने दो बंगले जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से एक ढाई साल का बच्चा झुलस गया और लाखों की गृहस्थी व खाने पीने का सामान जल गया। ग्रामीणों ने निजी संसाधनों से आग पर काबू पा लिया। गंगा कटरी में बाढ़ का पानी भर जाने से बिजली विभाग ने आपूर्ति ठप कर दी है। जिससे लोग मोमबत्ती के सहारे रात बिता रहे है।
बद्दल पुरवा गांव के रहने वाले पुतान रात अपने परिवार के साथ घास फूस से बनी झोपड़ी में सोया हुआ था। रोशनी के लिए मोमबत्ती जला रखा था। अचानक छप्पर में आग लग गई। जिससे पूरा बंगला धू धू कर जलने लगा। गृहस्वामी कि नींद खुलने पर शोर मचाया।जब तक लोग भागते एक ढाई साल के बच्चे पर जलता हुआ बांस का टुकड़ा गिरने से झुलस गया। आग से गृहस्थी का सामान, अनाज, कपड़े, बिजली उपकरण, मवेशियों का चारा समेत तकरीबन एक लाख का सामान जल गया। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते, पड़ोसी सुरेश का बंगला भी चपेट में आने से जल गया। ग्रामीणों ने दमकल विभाग को सूचना दिए बगैर निजी संसाधनों से आग पर काबू पा लिया। ग्राम प्रधान प्रेम कुमार चैहान ने बताया कि फोन से राजस्व विभाग को सूचना भेजी गईं है। लेकिन रास्ते मे बाढ़ का पानी भरा होने से अभी तक कोई कर्मचारी नही पहुंच सका है।