गजरौलाः क्रय केंद्र पर धान की तोल नहीं होने के विरोध में किसानों ने मंडी समिति के गेट पर की तालाबंदी
विधान केसरी समाचार
गजरौला । क्रय केंद्र पर धान की तोल नहीं होने के विरोध में किसानों ने मंडी समिति के गेट पर ताला लगा दिया। वहीं धरने पर बैठ गए। अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया। आनन-फानन में धान की तोल शुरू की गई तो किसानों ने धरना खत्म कर दिया। आरोप है कि एफसीआई क्रय केंद्र पर धान की तोल नहीं हो रही थी।
क्रय केंद्रों पर धान तोलने में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को गांव फरीदपुर निवासी राजवंत सिंह, सिहाली गोंसाई निवासी करमुद्दीन समेत कई किसान धान लेकर मंडी समिति में एफसीआई क्रय केंद्र पर पहुंचे। आरोप है कि क्रय केंद्र इंचार्ज ने धान तोलने से मना कर दिया। किसानों ने भाकियू कार्यकर्ताओं को फोन पर मामले की जानकारी दी। नगर अध्यक्ष सतेंद्र सिंह के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद भी तोल शुरू नहीं की गई। गुस्साए किसानों ने मंडी समिति गेट पर ताला लगा दिया। धरने पर बैठ गए। वक्ताओं ने कहा कि किसानों का शोषण किया जा रहा है, परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, धरना देने पर आनन-फानन में केंद्र पर तोल शुरू की गई। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान भाकियू नगर उपाध्यक्ष इरफान चैधरी, रणवीर सिंह, चैधरी करन सिंह आदि संगठन पदाधिकारी व किसान मौजूद रहे।