सीतापुरः कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया
विधान केसरी समाचार
सीतापुर। लखीमपुर खीरी में खूनी झड़प के बाद सीतापुर का माहौल बेहद गर्म रहा। रविवार की रात से ही पुलिस अलर्ट मोड पर रही। सोमवार भोर होते ही धरपकड़ शुरू हो गई। इनमें कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी समेत सपा के कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जिनको अलग – अलग स्थानों पर रखा गया है।
रविवार को लखीमपुर के तिकुनियां इलाके में खूनी झड़प में 9 लोगों की जान चली गई। इसी मामले को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के लखीमपुर जाने की सूचना सीतापुर प्रशासन को मिली। जिसके बाद पुलिस ने पूरे जिले की प्रमुख सड़कों पर नाकेबंदी कर दी। पुलिस ने हरगांव के निकट प्रियंका गांधी को हिरासत में ले लिया। जिसके उन्हें द्वितीय वाहिनी गेस्टहाउस में ले जाया गया। उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी थे। एएसपी एनपी सिंह ने बताया कि उन्हें धारा 151 के तहत हिरासत में लिया गया है। इधर सपा जिलाध्यक्ष क्षत्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में सपा पदाधिकारी जिला कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पदाधिकारीं व कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए लालबाग पर पहुंचे। यहां पर जमकर धरना प्रदर्शन किया। पुलिस ने सभी को हिरासत में लिया और पुलिस लाइंस पहुंचाया। इस दौरान सपा के पूर्व विधायक रामपाल यादव, अनूप गुप्ता, रामपाल राजवंशी, जासमीर अंसारी, गीता सिंह आदि शामिल हैं। इस दौरान एक ज्ञापन भी प्रशासन को सौंपा गया। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह भी लखनऊ जा रहे थे। पुलिस ने उनको बिसवां कस्बे से पुलिस ने हिरासत में लिया।
जब गेट पर चढ़ा कांग्रेसी
प्रियंका गांधी को द्वितीय वाहिनी पीएसी में रखा गया था। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पीएसी गेट के सामने उनकी रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान एक कार्यकर्ता इस कदर उत्साहित हो गया, कि वह पीएसी के बंद गेट के ऊपर ही जा खड़ा हुआ। वहां से वह काफी देर तक प्रियंका गांधी को रिहा करने के नारे लगाता रहा।
ग्रीन टी पीती हूं
गिरफ्तारी के दौरान प्रियंका गांधी को चाय भेजी गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे ग्रीन टी पीती हैं। यह चर्चा का विषय बना रहा।
चहलकदमी करते रहे लल्लू
प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के बाद द्वितीय वाहिनी पीएसी परिसर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू चहलकदमी करते देखे गए। उन्होंने मुख्यद्वार पर आकर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उतकर्ष अवस्थी से बात भी की।